डिजिटल रिव्यू: साइलेंस, कैन हियर इट? (ट्रेलर)
कलाकार: मनोज बाजपेयी, अर्जुन माथुर, प्राची देसाई आदि
लेखक, निर्देशक: अहान भरूचा देवहंस
ओटीटी: जी5
रेटिंग: ****
22 साल में जाकर इंस्पेक्टर समर प्रताप सिंह का एंग्री यंग मैन 2.0 अब एसीपी बन गया है। अगले महीने रिलीज होने वाली फिल्म ‘साइलेंस-कैन यू हियर इट’ में मनोज बाजपेयी का रोल भी किसी एंग्री यंग मैन से कम नहीं है। फिल्म का ट्रेलर मंगलवार को जारी हुआ और ट्रेलर देखकर ये फिल्म देखने की चाहत तमाम लोगों में जाग उठी है। जी5 अपने पहले से प्रस्तावित शोज पर लगी रोक कब खोलेगा, ये तो पता नहीं लेकिन, साल 2021 के लिए मनोज बाजपेयी, प्राची देसाई और अर्जुन माथुर की ये फिल्म काफी तालियां बटोरती दिख रही है।
मनोज बाजपेयी हिंदी फिल्मों में अब तक इंस्पेक्टर से लेकर डीआईजी और डीसीपी तक के रोल कर चुके हैं। ये जरूर है कि उनका इंतजार इन दिनों खुफिया एजेंसी में काम करने वाले श्रीकांत तिवारी के लिए ज्यादा हो रहा है लेकिन, फिल्म ‘साइलेंस-कैन यू हियर इट’ का ट्रेलर उनके चाहने वालों के लिए सरप्राइज है। अरसे बाद किसी फिल्म में कायदे की डॉयलॉगबाजी भी होती दिख रही है। इसी फिल्म का एक डॉयलॉग है ट्रेलर में, ‘मिस्टर रवि खन्ना, मैं आप से बहुत शराफ़त से पेश आ रहा हूं, वर्ना बदतमीज़ी तो हमारी पुश्तैनी तिजारत है।’
फिल्म ‘साइलेंस-कैन यू हियर इट’ का ट्रेलर शुरू से ही दर्शकों को अपनी पकड़ में लेता है। समझ आता है कि किसी बड़ी शख्सीयत की बेटी की लाश मिली है। कातिल को तलाशने की जिम्मेदारी एक अक्खड़ एसीपी को मिली है। एसीपी का अपना काम करने का तरीका है। उसका मोटो वो राजेश ख्नन्ना वाला गाना लगता है, ‘अब चाहे सर फूटे या माथा मैंने तेरी बांह पकड़ ली।’ और घायल शेर तो खैर वैसे ही ज्यादा खतरनाक होता है। प्राची देसाई इंस्पेक्टर के रोल में हैं। किरदार में वह कितना घुली, और कहानी की मांग के हिसाब से कितना निर्देशक के नजरिये से मिली, ये तो पिक्चर देखने से ही पता चलेगा लेकिन अपने डिजिटल डेब्यू में प्राची का का काम असरदार है। अर्जुन माथुर का किरदार काफी दिलचस्प मालूम होता है, उनके चेहरे के हावभाव भी काफी प्रभावित करते हैं।
अबान भरूचा देवहंस बतौर निर्देशक अपनी इस पहली फीचर फिल्म पूरी कोशिश करती दिखती हैं कि एक मसालेदार क्राइम थ्रिलर वह दर्शकों के सामने पेश कर सकें। लेखक भी वह खुद हैं तो दमदार डॉयलॉगबाज़ी का क्रेडिट भी उनके ही खाते में जाना चाहिए। ट्रेलर में दिखे फिल्म के सारे कलाकारों ने अच्छा सपोर्ट लीड कास्ट को किया है। शिरीष शर्मा की मौजूदगी ट्रेलर का ग्लैमर बढ़ाती है। बरखा सिंह, साहिल वैद, सोहैला कपूर और अमित ठक्कर जैसे कलाकारों के किरदारों का विस्तार फिल्म में बेहतर समझ आएगा। ट्रेलर की एडीटिंग और बैकग्राउंड म्यूजिक अपनी जगह परफेक्ट है।
मनोज बाजपेयी की धमाकेदार सीरीज ‘द फैमिली मैन’ पर उनकी नेटफ्लिक्स फिल्म ‘मिसेज सीरियल किलर’ ने पोंछा लगा दिया था। ‘बंबई में का बा’ जैसे वीडियो गाने और ‘सूरज पे मंगल भारी जैसी’ अपनी ब्रांडिंग खराब करने वाली चीजों से भी उन्हें बचना चाहिए। उनके लिए ‘सीक्रेट्स ऑफ सिनौली’ भले पैसे कमाने के लिए ठीक हो पर मनोज बाजपेयी का असल स्टेज ड्रामा है। उम्मीद की जानी चाहिए कि फिल्म ‘साइलेंस-कैन यू हियर इट’ में उस मनोज बाजपेयी को फिर से लोग देख सकेंगे जिसकी अदाकारी का जमाना कायल रहा है।

0 Comments
if you have any problem ,please contact us